{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Aaj ka Mausam: हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड, देखें आज का कैसा रहेगा मौसम ?

 
आज का मौसम 7 दिसंबर 2025: देश की राजधानी दिल्ली में अब दो से तीन दिन बढ़ती सर्दी से राहत रहेगी। 9 दिसंबर से तापमान में एक बार फिर गिरावट का दौर शुरू होगा। सुबह के समय ठंड का प्रकोप पिछले कई दिनों से काफी अधिक है। तापमान लगातार सामान्य से कम बना हुआ है। शनिवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा।

उधर यूपी, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश देश के उत्तरी राज्यों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर आज भी जारी रहेगा, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश जैसे दक्षिणी राज्यों में हल्की बारिश की संभावना हैं। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी की संभावना है।

उत्तरी भारत इस समय कड़ी सर्दी से गुजर रहा है। खासकर हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में हो रही भारी बर्फबारी की वजह से मैदानी राज्यों में ठंड और शीतलहर बढ़ गई है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में रात के तापमान में काफी गिरावट देखने को मिल रही है।

दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और राजस्थान के कई शहरों में कोहरा छाने की चेतावनी है, जिससे तापमान और कम हो सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी की सलाह दी गई है।

हिमाचल और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फ गिर रही है, जिससे रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हुआ है। कई जगह तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है और ठंडी हवाएँ मैदानों तक पहुंच रही हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की धूप और बर्फबारी के बीच पर्यटन में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

पंजाब, दिल्ली और हरियाणा में भी तेज शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए घने कोहरे और अत्यधिक ठंड का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में भी ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे है, जिससे लोग कंपकंपी महसूस कर रहे हैं।

यूपी के मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में आज से घना कोहरा लगना शुरू हो गया है। लखनऊ, कानपुर, आगरा, बाराबंकी, बरेली, मुजफ्फर नगर और गौतम बुद्ध नगर जैसे शहरों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही, 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। ये हवाएं ठंड को और बढ़ा देंगी।

उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड में अगले 36 घंटों में तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। नैनीताल में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। हालांकि, पर्यटकों के लिए यह मौसम काफी सुहावना माना जा रहा है। जो लोग बर्फबारी और ठंडी हवाओं का मजा लेना चाहते हैं, उनके लिए यह एक अच्छा मौका है।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी

राजस्थान में आज मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। आने वाले तीन-चार दिनों में शेखावाटी क्षेत्र, जिसमें झुंझुनू, सीकर और चूरू जिले शामिल हैं, में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। यह ठंड का एक नया दौर शुरू कर सकता है।