{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Aaj ka Mausam 22 December 2025: हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड में आज मौसम कैसा है?

 
 

Aaj ka Mausam 22 December 2025 (दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड में आज मौसम कैसा है?) IMD Alert: मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर बरकरार रहने की संभावना है। वहीं पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 48 घंटों में बर्फबारी हो सकती है।

वहीं निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मैदानी राज्यों में सुबह और रात के समय घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। जिसके कारण दृश्यता कम होने से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में कोहरे के साथ ठंड में भी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। वहीं राजस्थान में 24 दिसंबर से तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है। देश के उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। झारखंड और बिहार के कई जिलों में ठंड, कोहरा और शीतलहर जैसी स्थिति को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है।

दिल्ली में मंगलवार को छाया रहेगा कोहरा

राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहेगा और तापमान में कुछ वृद्धि होने की भी आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

हरियाणा-पंजाब में कड़ाके की ठंड


पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में रविवार को भीषण ठंड रही और दोनों राज्यों के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, पंजाब में गुरदासपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार, 23 दिसंबर को राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। एक्टिव हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में कमी आएगी और सर्द हवाओं से ठंड में लोग कांपते हुए नजर आएंगे।

बिहार में शीतलहर का प्रकोप

बिहार की राजधानी पटना सहित अधिकांश जिलों में पछुआ हवा चलने और कोहरे रहने के कारण शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। इस कारण न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में अंतर काफी कम दर्ज किया जा रहा है। राजधानी पटना में पिछले तीन दिनों से धूप नहीं निकली है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो-तीन दिनों में इस मौसम से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज किया गया। गयाजी में रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से 14.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

मध्यप्रदेश में आज रहा घना कोहरा

मध्यप्रदेश के कई शहरों में सोमवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित किया। दतिया और रीवा में विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रही, जिससे ट्रेनों में देरी और सड़कों पर हादसों का खतरा बढ़ गया। ग्वालियर, जबलपुर, खजुराहो और सतना में दृश्यता 50 से 200 मीटर, उमरिया में 500 से 1000 मीटर, नौगांव, सागर और दमोह में 200 से 500 मीटर तथा भोपाल और मंडला में 1 से 2 किलोमीटर रही। कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा और दिल्ली से आने-जाने वाली कई ट्रेनें देर से पहुंचीं।

झारखंड में आज ठंड और घने कोहरे का अलर्ट


झारखंड में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। सोमवार को कई जिलों में सुबह के मय घना कोहरा छाया रहा। आईएमडी ने सोमवार सुबह 8:30 बजे तक पांच जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग में शामिल हैं। वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा के लिए ठंड का 'येलो’ अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गुमला, लोहरदगा, रांची, खूंटी, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

कश्मीर में बारिश-बर्फबारी से बदला मौसम


मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर में लंबे शुष्क मौसम के बाद हुई इस बर्फबारी और बारिश ने लोगों को काफी राहत दी है। क्षेत्र में बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में यह उछाल देखा गया। उत्तर कश्मीर का गुलमर्ग एकमात्र ऐसा मौसम केंद्र रहा जहां पारा शून्य से नीचे रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के सामान्य तापमान से पांच डिग्री अधिक है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम सहित अन्य सभी मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री से 3.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।