समाधान शिविर के दौरान 3 हजार 942 शिकायतों का हुआ समाधान, लंबित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए उपायुक्त ने विभागाध्यक्षों को दिए निर्देश
हिसार : आमजन की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए आरंभ किए गए समाधान शिविर के दौरान अब तक जिला हिसार में कुल 6 हजार 26 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 3 हजार 942 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, 1577 शिकायतें विभागों द्वारा अस्वीकृत की गई, जबकि 242 शिकायतें वर्तमान में लंबित हैं। 259 शिकायतें नागरिकों के अनुरोध पर पुन:खोली गई है जबकि 6 शिकायतें विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन है।
शुक्रवार को हरियाणा सहकारिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित वीसी के माध्यम से समाधान प्रकोष्ठ की साप्ताहिक जिला समीक्षा बैठक के उपरांत उपायुक्त महेंद्र पाल ने यह जानकारी दी। बैठक के उपरांत उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविर के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर सरकार की पैनी नजर है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को औपचारिकता नहीं बल्कि जिम्मेदारी समझते हुए निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में किया जाए तथा हर मामले में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित हो।
वीसी से पहले अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने सभी विभागाध्यक्षों की समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत के निस्तारण के बाद उसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट नए फॉर्मेट में भरकर तुरंत समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए, बिना एटीआर के किसी भी शिकायत को निस्तारित मान्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो या दो से अधिक बार री-ओपन हुई शिकायतों पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ता, एमिनेंट पर्सन एवं संबंधित एसडीएम के हस्ताक्षर उपरांत पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है।
इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, सीटीएम हरिराम, डीडीपीओ नरेंद्र कुमार, डीआईओ दीपक भारद्वाज, एएमसी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।