{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Police Constable के 3,298 पदों पर होगी भर्ती, इस तारीख से करें आवेदन 

 
Constable Recruitment 2026: पंजाब पुलिस ने राज्य में कांस्टेबल के पदों पर बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। इस भर्ती अभियान के तहत जिला पुलिस कैडर और सशस्त्र पुलिस कैडर में कुल 3,298 कांस्टेबल पदों को भरा जाएगा। इच्छुक व योग्य उम्मीदवार 10 मार्च 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह मौका खास तौर पर उन युवाओं के लिए है जिनकी 12वीं पास हैं। 

शैक्षणिक योग्यता

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से 10+2 (इंटरमीडिएट) पास होना जरूरी है। वहीं पूर्व सैनिकों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। इसके अलावा उम्मीदवार ने मैट्रिक में पंजाबी भाषा को अनिवार्य या वैकल्पिक विषय के रूप में पढ़ा होना चाहिए या पंजाब सरकार द्वारा निर्धारित पंजाबी की समकक्ष परीक्षा पास की हो।

आयु सीमा

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट भी दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया

इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के माध्यम से किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित होगी, जिसमें पेपर-I (100 अंक) सामान्य ज्ञान, गणित, तर्कशक्ति, अंग्रेजी, पंजाबी और डिजिटल साक्षरता से संबंधित होगा। इसके बाद पेपर-II (50 अंक) पंजाबी भाषा का अर्हता पेपर होगा, जिसमें कम से कम 50 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है। 

इसके बाद उम्मीदवारों को शारीरिक स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) और शारीरिक माप परीक्षण (PMT) से गुजरना होगा। अंतिम चरण में दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।

वेतन

चयनित उम्मीदवारों को सरकार के नियमों के अनुसार वेतन दिया जाएगा। भर्ती के तहत शुरुआती वेतन 19,900 रुपये प्रति माह निर्धारित किया गया है। नौकरी शुरू होने के बाद पहले तीन वर्षों तक उम्मीदवारों को हर महीने यही वेतन मिलेगा।

जानें कैसे करें आवेदन

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले पंजाब पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से जुड़ा लिंक खोलें। इसके बाद नया रजिस्ट्रेशन करें और मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी के जरिए अकाउंट बनाएं। लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें। 

जरूरी दस्तावेज जैसे फोटो, हस्ताक्षर और प्रमाणपत्र अपलोड करें और आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें। अंत में फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लें और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड या प्रिंट करके सुरक्षित रख लें।