हरियाणा में सरकारी नौकरी का मौका: श्री कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय में 60 पदों पर भर्ती, 30 जुलाई से आवेदन शुरू
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित श्री कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय (SKAU) ने नॉन-टीचिंग और पैरा-मेडिकल कैडर के 60 नियमित पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती के तहत क्लर्क, स्टाफ नर्स और आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के पदों पर योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 शाम 4:00 बजे निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के आधिकारिक भर्ती पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष होनी चाहिए। हरियाणा के SC, ST, OBC, EWS और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमानुसार अधिकतम 5 वर्ष की आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को पहले पोर्टल पर मोबाइल नंबर और परिवार पहचान पत्र (PPP) के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद लॉग-इन कर आवेदन फॉर्म भरना, आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना तथा ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट निकालकर प्रत्येक पेज पर हस्ताक्षर करना और उसकी स्कैन कॉपी दोबारा पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। बिना हस्ताक्षर वाली कॉपी अपलोड किए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।