*हरियाणा में नकली दवाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, गुरुग्राम में एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई*
गुरुग्राम, 21 जुलाई।
हरियाणा सरकार नकली एवं मिलावटी दवाओं के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के निर्देशानुसार स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर रिपन मेहता के नेतृत्व में हरियाणा फूड एवं ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) द्वारा राज्यभर में अवैध दवा कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विशेष रूप से गुरुग्राम क्षेत्र में संचालित अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय नकली दवा नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर अमनदीप चौहान ने बताया कि एफडीए गुरुग्राम की टीम ने हाल के वर्षों में कई बड़े मामलों का खुलासा कर नकली दवाओं के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
*टोफाजैक दवा मामले में हजारों नकली गोलियां जब्त*
वर्ष 2024 में गुरुग्राम के सेक्टर-39 स्थित एक मेडिकल स्टोर एवं आवासीय परिसर पर छापेमारी कर गठिया रोग के उपचार में प्रयुक्त टोफाजैक दवा की 1,000 से अधिक नकली डिब्बियां बरामद की गईं। मौके से यूसुफ खान, मोहम्मद जुबैर और मोहम्मद नसीम को गिरफ्तार किया गया, जबकि नियामत सहित चार आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
*हेड ऑन (सोमाट्रोपेन) इंजेक्शन रैकेट का खुलासा*
वर्ष 2025 में एफडीए गुरुग्राम ने हेड ऑन (सोमाट्रोपेन) नामक नकली हार्मोन इंजेक्शन के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया। जांच के दौरान कुरियर एवं अवैध वितरण चैनलों के माध्यम से संचालित नेटवर्क का पता लगाया गया। इस मामले में हरी ओम को गिरफ्तार किया गया, जबकि फरार आरोपी जतिन खन्ना की अग्रिम जमानत को 20 जुलाई 2026 को माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया।
*70 लाख रुपये की नकली माउंटजारो इंजेक्शन बरामद*
अप्रैल 2026 में डीएलएफ फेज-4 एवं सेक्टर-69 में छापेमारी कर नकली माउंटजारो (वजन कम करने एवं मधुमेह के उपचार में प्रयुक्त इंजेक्शन) का बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के नकली इंजेक्शन जब्त किए गए। इस मामले में अवि शर्मा और मुजामिल खान को मौके से गिरफ्तार किया गया, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।