जिला में नशाखोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति लागू :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 13 जुलाई : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्ति अभियान को सख्ती से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि मेडिकल स्टोर पर गुणवत्ता की दवाइयों की बिक्री ही की जाये। उन्होंने कहा कि जिला में संचालित किये जा रहे नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित अंतराल पर जांच की जाये। जिला में नशाखोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जा रही है।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में एनकोड की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस असर पर पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, जेल अधीक्षक राय साहब, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, जिला न्यायवादी सुरेंद्र पाहवा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध निरंतर चेकिंग अभियान जारी है। जिला में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करने वाले व्यक्तियों/मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाये कि जिला में केवल गुणवत्ता की दवाइयां ही वितरित की जाये तथा कम गुणवत्ता की दवाई बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि जिला में संचालित किये जा रहे सभी नशा मुक्ति केंद्रों की संबंधित उपमंडलाधीशों की अध्यक्षता में जांच की जाये तथा रिकॉर्ड की भी जांच की जाये।
सचिन गुप्ता ने कहा कि शहर में स्थित सार्वजनिक स्थलों पार्क, सब्जी मंडी, स्टेडियम इत्यादि में नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए तथा उनके आसपास स्थित मेडिकल स्टोर इत्यादि की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जिला में एनडीपीएस अधिनियम के तहत वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान 56 मामले दर्ज किये गए है तथा 98 व्यक्ति गिरफ्तार किये गये है। इसी तरह एनडीपीएस अधिनियम के वाणिज्यिक मामलों के तहत 11 मामले दर्ज किये गए है तथा 20 व्यक्ति गिरफ्तार किये गए है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने कहा कि इस वर्ष अब तक जिला में 6.920 किलोग्राम अफीम, 26.240 किलोग्राम चरस, 733.730 किलोग्राम चूरा पोस्त, 892 ग्राम 921 मिलीग्राम हिरोइन, 17 किलो 663 ग्राम गांजा इत्यादि बरामद किया गया है। गज जून माह के दौरान 420 ग्राम अफीम, 542 ग्राम 18 मिलीग्राम हिरोइन, 14.23 किलोग्राम गांजा एवं 917 ग्राम चरस बरामद की गई है। जिला में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68 एफ के तहत 7 करोड़ 16 लाख 58 हजार रुपये से अधिक धनराशि की 45 प्रॉपर्टी अटैच की गई है। इस वर्ष एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68 एफ के तहत अब तक लगभग 50 लाख रुपये की कीमत की 7 प्रॉपर्टी अटैच की गई है।
इस अवसर पर ड्रग कंट्रोल अधिकारी मनदीप मान, उप सिविल सर्जन डॉ. पुष्पेंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डॉ. विनीता, शिक्षा विभाग के जिला गणित विशेषज्ञ दीपक अरोड़ा, जिला रेडक्रास सोसायटी के लेखाकार आशीष खासा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।