{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Kal Ka Mausam: हरियाणा- पंजाब, राजस्थान समेत देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम, देखें पूर्वानुमान

 

Kal Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में इस समय कड़ाके की सर्दी ने लोगों को ठिठुरा दिया है। सुबह और रात के समय तेज ठंड का असर साफ नजर आ रहा है, हालांकि दिन में हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा। वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है।

पंजाब-हरियाणा में पारा हिमांक के करीब

पंजाब और हरियाणा में गुरुवार को ठंड ने और तीखे तेवर दिखाए। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान गिरकर हिमांक बिंदु के आसपास पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार हिसार दोनों राज्यों में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री कम है।

हरियाणा के नारनौल में 1.5 डिग्री और नूंह में 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सुबह के समय घने कोहरे के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी काफी कम रही, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

कश्मीर में ‘चिल्ला-ए-कलां’, झीलों का पानी जमा

कश्मीर घाटी में तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई है, लेकिन ठंड अभी भी जानलेवा बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक श्रीनगर में बुधवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.9 डिग्री नीचे रहा, जबकि एक दिन पहले यह शून्य से 5.2 डिग्री नीचे था।

भीषण ठंड के कारण डल झील के कुछ हिस्सों सहित कई जलाशयों का पानी जम गया है। कश्मीर में इस समय 40 दिनों की भीषण ठंड की अवधि ‘चिल्ला-ए-कलां’ जारी है, जो 21 दिसंबर से 30 जनवरी तक रहती है। इस दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है और तापमान अक्सर शून्य से नीचे चला जाता है।

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 72 घंटों में उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।

16 से 20 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

उत्तराखंड में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

18 से 20 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।

19 और 20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

लक्षद्वीप में 14 जनवरी को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी यूपी, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में शीतलहर का असर बना रहेगा।

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्के से घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। उत्तर भारत और बिहार में अगले 5–6 दिनों तक घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

15 जनवरी से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

IMD के मुताबिक 15 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 15 से 30 जनवरी के बीच उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा, जहां ठंड और कोहरे की स्थिति और गंभीर होने की संभावना है।