विश्व जनसंख्या दिवस: जनसंख्या नियंत्रण को लेकर 18 जुलाई तक लगाए जाएंगे विशेष शिविर
सिरसा, 11 जुलाई।
विश्व जनसंख्या दिवस पर राजकीय एएनएम प्रशिक्षण स्कूल की छात्राओं द्वारा नागरिक अस्पताल से एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके दहिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विश्व जनसंख्या दिवस से संबंधित नारे लगाए और आमजन को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया। साथ ही काउंसलरों द्वारा पंपलेट वितरित कर लोगों को आवश्यक जानकारी दी गई और बताया गया कि नागरिक अस्पताल तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों में परिवार कल्याण के विभिन्न साधन, जैसे कॉपर-टी, कंडोम, माला-डी, अंतरा इंजेक्शन और छाया आदि की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस दौरान प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके दहिया ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस बढ़ती जनसंख्या से जुड़ी महत्वपूर्ण चुनौतियों और चिंताओं पर विचार करने का एक वैश्विक मंच प्रदान करता है। इसके माध्यम से परिवार नियोजन, प्रजनन स्वास्थ्य तथा जनसंख्या संतुलन जैसे विषयों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता है। उन्होंने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या के विकास, संसाधनों और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करना है। इस दिन लैंगिक समानता, प्रजनन स्वास्थ्य और परिवार नियोजन के बारे में लोगों को शिक्षित करने पर विशेष बल दिया जाता है। उप सिविल सर्जन डॉ. भारत भूषण मित्तल ने बताया कि पुरुष नसबंदी एक सरल एवं सुरक्षित प्रक्रिया है, जिससे किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए नागरिक अस्पताल के कमरा नंबर 21 में संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर किशोरावस्था काउंसलर कमल कक्कड़, डीएलएसए से पीएलए विनोद कुमार, पैनल एडवोकेट रमेश बिश्नोई, पैनल एडवोकेट पूनम कटारिया तथा नेत्रदान परामर्शदाता राहुल शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
18 जुलाई तक लगाए जाएंगे विशेष कैंप
प्रदेश सरकार द्वारा जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर विभिन्न जागरूकता अभियान और पखवाड़े आयोजित किए जाते हैं। इसी कड़ी में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 18 जुलाई तक विशेष पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान सभी सरकारी अस्पतालों में पुरुष नसबंदी एवं महिला नलबंदी संबंधी विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन सेवाओं का लाभ लेने वाले दंपतियों को सरकार द्वारा निर्धारित प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।