महिला आयोग हर समय महिलाओं के साथ खड़ा है: मीना परमार
भिवानी, 20 जुलाई। हरियाणा महिला आयोग की नव नियुक्त उपाध्यक्ष मीना परमार के सम्मान में शहर की बंसी पाना की चौपाल में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती परमार को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि महिला आयोग हर समय महिलाओं के साथ खड़ा है। महिलाओं को किसी भी प्रकार से चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। महिलाएं निडर होकर अपना कार्य करें। यदि कार्यक्षेत्र, घर-परिवार किसी भी जगह पर महिलाओं के साथ अन्याय या शोषण होता है तो महिलाएं आयोग में अपनी शिकायत दे सकती हैं, आयोग उन पर कड़ा संज्ञान लेगा।
सम्मान समारोह में अपना संदेश देते हुए मीना परमार ने महिलाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे बेटियों को उच्च शिक्षित करें। आज सरकार द्वारा लड़कियों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए हर 20 किलोमीटर पर महिला कॉलेज की स्थापना की जा रही है। शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही समाज आगे बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। सरकार अंत्योदय की भावना से योजनाएं लागू कर रही है। पात्र व्यक्तियों को घर बैठे योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकारी योजनाओं को पारदर्शिता के चलते ऑनलाइन किया गया है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बड़े से बड़े पदों पर बिना पर्ची और बिना खर्ची के आर्थिक रूप से कमजोर घरों के पात्र युवा नियुक्ति पा रहे हैं। इससे गरीब परिवारों खुशहाली का दौर आया है। युवाओं में मेहनत करने के प्रति उत्साह बढ़ा है।
इस अवसर पर अंकित तंवर, नगर परिषद की वाइस चेयरपर्सन रेनू तंवर, संजय तंवर, महावीर वालिया, हरकेश जांगड़ा, नेपाल तंवर, आशू भाटी, कुलदीप वालिया, महेश कुमार और शमशेर तंवर्र मोहित, नरसी, अमित एडवोकेट, पंकज कामरा, दिनेश तंवर, धर्मंेद्र, गौरव तंवर के अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल रहे।