Haryana News: हरियाणा में महिला GST इंस्पेक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार, एक बार पहले भी पकड़ी जा चुकी
Jun 3, 2025, 15:11 IST
Haryana News: हरियाणा के पलवल में एंटी करप्शन ब्यूरो की महिला जीएसटी इंस्पेक्टर को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों अरेस्ट किया है। महिला इंस्पेक्टर सुमीत्रा पलवल के जिला आबकारी एवं कराधान आयुक्त के कार्यालय में कार्यरत है। खबरों की मानें, तो यह महिला अधिकारी इससे पहले भी साल 2022 में दो लाख की रिश्वत लेते हुए अरेस्ट की जा चुकी है। एसीबी फरीदाबाद के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने GST नंबर के लिए आवेदन किया था। 27 मई 2025 को उसे एक कॉल आया, जिसमें स्वयं को जीएसटी इंस्पेक्टर बताते हुए वेरिफिकेशन के लिए 29 मई को कार्यालय बुलाया गया था। 29 मई को छुट्टी होने के कारण शिकायतकर्ता 30 मई को जीएसटी के कार्यालय पहुंचा। जहां इंस्पेक्टर सुमीत्रा ने कागजों में कमी निकाल दी और उसका काम कराने के बदले पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी। जब युवक ने फोन पे से भुगतान करने को कहा तो सुमीत्रा ने कहा कैश दे दो। इसके बाद सुमित्रा ने युवक को सोमवार को बुलाया। उसने मामले की जानकारी एसीबी को दे दी। इसके बाद सोमवार को एसीबी फरीदाबाद की टीम ने जाल बिछाकर सुमीत्रा को पांच हजार रुपये कैश लेते हुए अरेस्ट कर लिया। महिला अधिकारी को उनके ऑफिस से ही गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में थाना फरीदाबाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में धारा सात पीसी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी इंस्पेक्टर सुमीत्रा पहले भी भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में अरेस्ट की गई थी। इसके बाद भी उन्होंने रिश्वत ली और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।