अगले 5 दिन झुलसाएगी गर्मी, हरियाणा-पंजाब में मौसम रहेगा शुष्क
4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। 8 जून से 11 जून के बीच हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना जताई गई है। मैदानी क्षेत्रों में तब हीटवेव मानी जाती है जब तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक हो या अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा पहुंच जाए।
लोगों के स्वास्थ्य पर असर की चेतावनी
मौसम विभाग ने अधिक गर्मी और लू के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है। लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों और भारी शारीरिक श्रम करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा कि शिशु, बुजुर्ग और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोग सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं। लोगों को धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) नहीं होने देने की सलाह दी गई है।
11 जून से मिल सकती है राहत
आईएमडी के अनुसार 11 और 12 जून को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।