हरियाणा में मौसम हुआ सुहाना, 3 जून तक कई जिलों में बारिश की आशंका
Haryana Weather Update: हरियाणा में नौतपा के दौर में भी मौसम सुहाना बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मौसम के औसत अधिकतम तापमान में रविवार के मुकाबले 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
बारिश के कारण लोगों को गर्मी से मिली राहत
हरियाणा में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि तीन जून तक तथा पांच और छह जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं चार जून को कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। बादल छाए रहने और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
जून के पहले सप्ताह के अंत तक फिर दिखेगा गर्मी का असर
मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। ऐसे में जून के पहले सप्ताह के अंत तक गर्मी फिर से असर दिखा सकती है।