{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  गांव रोहन में चला जल संरक्षण अभियान, पानी की बर्बादी करने वालों को जारी किए नोटिस

 

सिरसा, 17 जुलाई।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा शुक्रवार को गांव रोहन में जल संरक्षण एवं पेयजल बचाओ अभियान चलाया गया। विभाग की टीम ने गांव में कई स्थानों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान अभियान में कनिष्ठ अभियंता नवीन कुमार, बीआरसी प्रेम सारण, सरपंच जगसीर सिंह, विभागीय कर्मचारियों तथा ग्रामीणों ने भाग लिया।
उपमंडल अभियंता अजय ढाका ने कहा कि कुछ लोग पेयजल का उपयोग सब्जियां उगाने और अन्य गैर-जरूरी कार्यों में कर रहे हैं, ऐसे परिवारों को मौके पर ही नोटिस जारी किए गए। विभाग की ओर से उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में पेयजल की बर्बादी जारी रही तो विभागीय नियमों के तहत उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पेयजल प्रत्येक नागरिक की मूल आवश्यकता है और इसकी एक-एक बूंद अमूल्य है। उन्होंने कहा कि विभाग किसी भी स्थिति में पेयजल की बर्बादी बर्दाश्त नहीं करेगा। जो भी व्यक्ति पेयजल का दुरुपयोग करेगा या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बीआरसी प्रेम साहरण ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि यदि आज से ही पानी बचाने की आदत नहीं अपनाई गई तो आने वाले समय में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से पानी का सदुपयोग करने तथा जल संरक्षण अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सहयोग देने की अपील की। अभियान के समापन पर ग्रामीणों ने पेयजल की बर्बादी रोकने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक बूंद पानी के सदुपयोग का संकल्प लिया।