सोतई गांव में प्रस्तावित कूड़ा डंपिंग यार्ड को लेकर ग्रामीणों ने मंत्री राजेश नागर से की मुलाकात
फरीदाबाद, 04 जुलाई।
सोतई गांव में निगम द्वारा प्रस्तावित कूड़ा डंपिंग यार्ड के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर से मुलाकात की और अपनी चिंताओं से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि क्षेत्र में बनाए जा रहे डंपिंग यार्ड को तत्काल प्रभाव से अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र की आबादी को संभावित प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके।
ग्रामीणों ने मंत्री राजेश नागर को बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व भी द्वारा इसी स्थान पर कूड़ा डंपिंग यार्ड स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उस समय आपके सहयोग के कारण सरकार ने जनभावनाओं को समझा और डंपिंग यार्ड को वहां से हटाने के निर्देश दिए थे।
लेकिन अब एक बार फिर प्रशासन उसी स्थान पर डंपिंग यार्ड विकसित करने की तैयारी कर रहा है, जिससे लोगों में गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि सोतई गांव में कूड़ा डंपिंग यार्ड स्थापित किया जाता है तो इसका प्रतिकूल प्रभाव केवल एक गांव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के दर्जनों गांव इसकी चपेट में आ जाएंगे। उन्होंने आशंका जताई कि डंपिंग यार्ड से निकलने वाली दुर्गंध, प्रदूषित जल और अन्य पर्यावरणीय प्रभाव क्षेत्र की जलवायु को प्रभावित करेंगे तथा लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ेगा।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मंत्री राजेश नागर ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और चिंताओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की भावनाओं और पर्यावरणीय चिंताओं की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर वे हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करेंगे और पूरे मामले से उन्हें अवगत कराएंगे।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई चिंताएं काफी हद तक उचित प्रतीत होती हैं और सरकार जनहित से जुड़े हर विषय पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करती है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ग्रामीणों की मांग को उचित मंच पर रखा जाएगा और ऐसा समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा जिससे आम जनता के हित सुरक्षित रह सकें तथा क्षेत्र का संतुलित विकास भी जारी रहे।
इस अवसर पर फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान हेमंत शर्मा, सोतई गांव के पूर्व सरपंच भोली रावत, संतोष सिंह, हरिंदर सिंह, महेंद्र सिंह, विशाल, विक्रम, पूरन सिंह नेताजी, रूप सिंह एडवोकेट राजेश्वर, वीर सिंह, ओम प्रकाश, करतार सिंह, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।