UPSC Result 2025: हरियाणा पुलिस के ASI की बेटी बनीं IAS अफसर, देशभर में पाया 265वां रैंक
गुरुग्राम पुलिस के लिए गर्व का विषय है कि गुरुग्राम पुलिस में कार्यरत एक पुलिस कर्मी की बेटी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा 2025 में सफलता हासिल करते हुए पूरे भारत में 265वां रैंक प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से गुरुग्राम पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है।
आज दिनांक 09.03.2026 को श्री विकास अरोड़ा, आईपीएस, पुलिस आयुक्त गुरुग्राम द्वारा सहायक उप निरीक्षक रामबीर सिंह, जो क्राइम ब्रांच पीओ स्टाफ, गुरुग्राम में कार्यरत हैं, उनकी बेटी प्रख्या गुलिया को यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करने पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सुश्री प्रख्या गुलिया एक होनहार एवं मेहनती छात्रा रही हैं। उन्होंने नेकी राम कॉलेज, रोहतक से अपनी बीएससी व बीएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की। निरंतर मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने यूपीएससी परीक्षा 2025 में पूरे देश में 265वां रैंक हासिल किया है।
उल्लेखनीय है कि प्रख्या गुलिया इससे पहले भी वर्ष 2023 में यूपीएससी परीक्षा के माध्यम से 584वां रैंक प्राप्त कर चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि पर गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।