मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना-2013 के तहत पात्र 4 लाभार्थियों को दिए 15 लाख 37 हजार 500 रुपये की सहायता राशि के चेक
भिवानी, 15 जुलाई। स्थानीय मार्केट कमेटी में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना-2013 के तहत कृषि दुर्घटनाओं से प्रभावित पात्र किसानों एवं खेतिहर मजदूरों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में कमेटी के चेयरमैन कृष्ण निलाहेड़ी ने लाभार्थियों किशोरी देवी, चंचल, संतोष तथा सरोज आदि को 15 लाख 37 हजार 500 रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए।
चेयरमैन ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा किसानों एवं खेतिहर मजदूरों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कृषि दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत प्रदान करना है, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके। चालू वित्त वर्ष में अब तक योजना के अंतर्गत 26 लाख 12 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की जा चुकी है। वहीं मार्केट कमेटी के सचिव ने कहा कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। नई अनाज मंडी भिवानी तथा बवानीखेड़ा में संचालित अटल किसान मजदूर कैंटीन में किसानों एवं मजदूरों को 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा मंडी में किसानों के लिए विश्राम गृह की सुविधा भी उपलब्ध है।