{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  नीट परीक्षा केंद्रों में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश नहीं होना चाहिए: डीसी

 

भिवानी, 19 जून। डीसी साहिल गुप्ता ने लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा पारदर्शी व शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न होनी चाहिए। परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षा केंद्र अधीक्षक के अलावा किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के फोन ले जाने की इजाजत नही है। यदि परीक्षा अधीक्षक को फोन करने की आवश्यकता पड़ती है तो वह जिलाधीश में संज्ञान में लाकर केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे के सामने फोन करेगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी कीमत पर अव्यवस्था नहीं बननी चाहिए। परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस का सख्त पहरा रहेगा।
डीसी ने नीट परीक्षा के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि नीट परीक्षा केंद्रों में अनाधिकृत व्यक्ति किसी भी कीमत पर प्रवेश नही होना चाहिए। परीक्षा केंद्रों के बाहर लोगों का जमावड़ा न लगे। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र में पर्याप्त मात्रा में पेयजल का प्रबंध हो। इसी प्रकार से उन्होंने बिजली निगम को सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति करने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर चिकित्सा विभाग की एंबूलेंस टीम मौजूद रहेगी।
डीसी ने रेडक्रॉस को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर व्हील चेयर की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि दिव्यांगजनों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी ना हो। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि परीक्षा के चलते परीक्षा केंद्र के आसपास या शहर में वाहनों से जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। परीक्षा के चलते साइबर सेल की सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रहेगी। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों या बच्चों को भ्रामक करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी। उन्होंने परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि बायोमेट्रिक व फ्रिक्सिंग के दौरान भी बच्चों को परेशानी न होने दें। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में हों। शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कोई परीक्षार्थी परीक्षा देने से वंचित ना रहें। यदि कहीं परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक में किसी कारणवश दिक्कत आती है तो परीक्षार्थी से उसके सभी दस्तावेज देखकर अंडरटेकिंग ली जाए।
इस दौरान केंद्रीय विद्यालय पालुवास के प्राचार्य एवं परीक्षा सिटी कोऑर्डिनेटर मोहिंद्रपाल ने बताया कि नीट की परीक्षा के लिए शहर व आसपास क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 3846 बच्चे परीक्षा देंगे। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय परीक्षा केंद्र में 672, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 654, पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 624, एमएनएस राजकीय कॉलेज में 528, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पालुवास में 480, राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में 480 और सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल, शिक्षा बोर्ड में 408 परीक्षार्थी नीट की परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा का समय दोपहर बाद दो बजे से शाम 5.15 बजे तक का है। इस बार 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक होगा।
इस दौरान  सीटीएम अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षक मौजूद रहे।