भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से जनता बेहाल, सरकार पूरी तरह विफल: राजकुमार शर्मा
सिरसा। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या ने आमजन का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिन हो या रात, बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लो वोल्टेज के कारण घरों में लगे एसी, कूलर, फ्रिज, मोटर और अन्य विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। जारी बयान में शर्मा ने कहा कि बिजली निगम के अधिकारी जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय जवाबदेही से बच रहे हैं। शिकायत करने पर अधिकारी फोन तक नहीं उठाते और बिजली शिकायत केंद्र भी केवल नाममात्र का बनकर रह गया है। बार-बार कॉल करने के बावजूद शिकायतें दर्ज नहीं की जातीं और न ही समय पर समाधान होता है। इससे जनता में भारी रोष व्याप्त है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता कहा कि हर वर्ष बिजली निगम करोड़ों रुपये मेंटेनेंस पर खर्च करने का दावा करता है, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। यदि समय पर रखरखाव किया गया होता तो आज लोगों को अघोषित कटौती और लो वोल्टेज जैसी समस्याओं से नहीं जूझना पड़ता। उन्होंने कहा कि या तो मेंटेनेंस के दावे पूरी तरह झूठे हैं या फिर इस मद में खर्च की गई राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
--