हरियाणा में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया बिचौलिया, दो आरोपी गिरफ्तार
शिकायतकर्ता नीरज की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ब्यूरो की टीम ने आरोपी गौरव निवासी गांव छोटी पचेरी, थाना पचेहरी, तहसील सिंघाना (जिला झुंझुनूं, राजस्थान) को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया। मामले में संलिप्त आरोपी जितेन्द्र निवासी गांव नावता, तहसील बुहाना (जिला झुंझुनूं) को भी साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका बैंक खाता साइबर थाना, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा फ्रीज किया गया था, जिसे फ्रीज से हटवाने के लिए संबंधित अनुसंधान अधिकारी सतेंद्र द्वारा बिचोलियों के माध्यम से ₹10,000 की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्यूरो ने ट्रैप टीम गठित कर दोनो निजी व्यक्तियों को मौके पर ही रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि आरोपी जितेंद्र अनुसंधान अधिकारी सतेंद्र का सगा भाई है।
पूरी कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से संपन्न की गई है। मामले की जांच जारी है।
जनहित में अपील: यदि कोई सरकारी कर्मचारी/अधिकारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा के हेल्पलाइन नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर सूचना दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।