{"vars":{"id": "128336:4984"}}

Haryana News: हरियाणा में इस वजह से हुई थी होटल मैनेजर की हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

 
Haryana News: हरियाणा के हिसार से बड़ी खबर आ रही है। स्पेशल स्टाफ और अर्बन एस्टेट थाना पुलिस टीम ने होटल मैनेजर पारस की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शहर के क्रांति नगर निवासी मोनू उर्फ फर्राटा और शहर के सिटी गेस्ट हाउस में रहने वाले अभिषेक उर्फ कलोल के रूप में हुई है।  कलोल उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के इमलिया गांव का रहने वाला है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी निरीक्षक विजय पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोनू उर्फ फर्राटा करीब 20 से 25 दिन पहले पारस के होटल में रुका था। कमरे की पेमेंट को लेकर उसका होटल मैनेजर पारस से विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते मोनू ने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर पारस पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया। जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी की शिकायत पर थाना अर्बन एस्टेट में 15 जुलाई को दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर दोनों मुख्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश करके चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।