पेड़-पौधे धरती का असली श्रृंगार, संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी : अनिल विज
अंबाला: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि पेड़-पौधे धरती का असली श्रृंगार हैं और इस प्राकृतिक सुंदरता को बचाना व संवारना सभी लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी है। वे अंबाला कैंट स्थित सरकारी पीजी कॉलेज में आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इससे पहले उन्होंने कॉलेज परिसर में पौधरोपण भी किया।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि देशभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानव जीवन पांच मूल तत्वों जल, वायु, पृथ्वी, अग्नि और आकाश पर आधारित है और ये सभी पर्यावरण का हिस्सा हैं। इनके बिना जीवन संभव नहीं है, इसलिए स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी और उपजाऊ भूमि को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज जरूरत से ज्यादा प्लास्टिक का उपयोग पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है। यह प्रदूषण कई गंभीर बीमारियों, जैसे कैंसर और सांस संबंधी रोगों को भी बढ़ा रहा है। अनिल विज ने लोगों से अपील की कि उपलब्ध स्थानों पर अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं और उनकी सही देखभाल की जाए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने 10 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और उन्हें प्रशंसा पत्र प्रदान किए। साथ ही उन्होंने प्रत्येक छात्र को ₹11,000 की नकद प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।