{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 Kal Ka Mausam: देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान 

 
Kal Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में धुंध के साथ कड़ाके की सर्दी का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी घना कोहरा छाए रहने के साथ ठंड का प्रकोप बना रहेगा। उत्तर भारत के कई राज्य इन दिनों शीतलहर, घने कोहरे और बेहद कम तापमान की चपेट में हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हालात को देखते हुए कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।

उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण अगले 1–2 दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद ठंड के असर में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं।

आईएमडी का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में सुबह व रात के समय घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रह सकती है।

पंजाब-हरियाणा में पारा थोड़ा चढ़ा, लेकिन ठंड बरकरार

पंजाब और हरियाणा में बीते दो दिनों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन कई स्थानों पर पारा अब भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। हरियाणा का नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

अंबाला में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री, हिसार में 5.6 डिग्री और करनाल में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रोहतक में पारा 5.4 डिग्री रहा। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से कम है।

पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में 5.8 डिग्री और पटियाला में 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में भी कड़ाके की ठंड दर्ज की गई।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। पंजाब में 18, 19 और 22 जनवरी को, हरियाणा-चंडीगढ़ में 19 और 22 जनवरी को तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
दिल्ली में चार दिन बाद शीतलहर से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 21 जनवरी के बाद ठंड के एक बार फिर बढ़ने के आसार हैं।

यूपी में सर्द हवाओं का असर

उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन में धूप निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम की गलन लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले पांच से छह दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

बिहार में मौसम अपेक्षाकृत नरम

बिहार में दिन में तेज धूप निकलने से मौसम में थोड़ी नरमी आई है, हालांकि सुबह-शाम ठंड बनी हुई है। आईएमडी के अनुसार अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा और फिलहाल शीतलहर को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।