Kal Ka Mausam: हरियाणा समेत देशभर में कल कैसा रहेगा मौसम? देखें पूर्वानुमान
13 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 जनवरी को अगले 12 घंटे के भीतर 13 राज्यों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी है। प्रभावित राज्यों में बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं। इन राज्यों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा 28 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, जहां हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
उत्तर भारत के 23 जिलों में शीतलहर की चेतावनी
आईएमडी के अनुसार 27 जनवरी को उत्तर भारत के 23 जिलों में शीतलहर चलेगी। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, रायबरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, रामपुर, अमेठी, आगरा, मथुरा और टुंडला में ठंडी हवाएं चलेंगी। हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत और कुरुक्षेत्र में भी सुबह के समय 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं।
पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, जालंधर, लुधियाना, मोगा, होशियारपुर और फरीदकोट में भी कड़ाके की ठंड का असर रहेगा। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, सिरमौर, सोलन, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में भी शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।
दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली में अगले 12 घंटे में मौसम बदलने की संभावना है। 27 जनवरी की सुबह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। बारिश के कारण ठंड और बढ़ेगी और ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का असर
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 27 जनवरी को भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की गई है। मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, हापुड़, बुलंदशहर, कानपुर, लखनऊ, बहराइच, झांसी, मुरादाबाद, बाराबंकी, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, एटा, फर्रुखाबाद और इटावा समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल में भी अलर्ट
बिहार में 28 जनवरी को शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, सिवान और गोपालगंज में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में 27 जनवरी को भारी बारिश और आंधी चल सकती है।
हिमाचल प्रदेश में शिमला, चंबा, किन्नौर, कुल्लू और कांगड़ा में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों में लोगों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
अन्य राज्यों में भी बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में 27 जनवरी को कई जिलों में भारी बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान के जयपुर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, चुरू, सीकर, अलवर और बीकानेर में मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश में भी देवास, विदिशा, सागर, दमोह और रायसेन समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।