जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: रणबीर गंगवा
बरवाला, 19 जून।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को किसान रेस्ट हाउस, बरवाला में जनसुनवाई कर क्षेत्र के नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर पहुंचे। मंत्री रणबीर गंगवा ने एक-एक नागरिक की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने पेयजल, सडक़ों, बिजली, स्वच्छता, राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में समस्याओं का समाधान कर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनसेवा एवं जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं तथा विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। प्रदेश सरकार पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी प्रशासन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन(19 डीआईपीआरओ फोटो 12 व 13):- बरवाला रेस्ट हाउस में जनसमस्याएं सुनते कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा।