{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान ही सुशासन की असली पहचान : एडीसी

 

झज्जर, 06 जुलाई ।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह की प्रभावी पहल पर चल रहे समाधान शिविरों की श्रृंखला में सोमवार को डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में एडीसी जगनिवास ने लघु सचिवालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में डीसीपी मयंक मिश्रा के साथ आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

नागरिकों को समस्याओं के समाधान के लिए मिल रहा प्रभावी मंच
एडीसी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें विभिन्न कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
 एडीसी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाता है। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य कर रहा है।
बैठक के दौरान एडीसी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से उनके निस्तारण की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए तथा प्रत्येक मामले का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। झज्जर के साथ साथ बेरी, बहादुरगढ़ और बादली उपमंडलों में भी समाधान शिविर लगाए गए।