{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 करनाल में युवक की रहस्यमयी मौत से बवाल, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, दूसरी पोस्टमार्टम के लिए PGI भेजा शव

 करनाल : हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक बॉबी की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। नन्हेड़ा गांव के खेतों में मिले युवक के शव को लेकर पिछले तीन दिनों से पोस्टमार्टम हाउस के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। परिजनों, ग्रामीणों और समाज के लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद भी शव लेने से इनकार कर दिया और साफ कहा कि जब तक पुलिस मौत के कारणों को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं देती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
 
 

करनाल : हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक बॉबी की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। नन्हेड़ा गांव के खेतों में मिले युवक के शव को लेकर पिछले तीन दिनों से पोस्टमार्टम हाउस के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। परिजनों, ग्रामीणों और समाज के लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद भी शव लेने से इनकार कर दिया और साफ कहा कि जब तक पुलिस मौत के कारणों को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं देती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

परिवार ने पुलिस के उस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि शव धूप के कारण झुलस गया। परिजनों का आरोप है कि युवक के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर एसिड डाला गया था। परिवार ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए पुलिस पर सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया है। परिजनों की मांग पर अब पुलिस ने शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए PGI चंडीगढ़ भेज दिया है। मामले को लेकर इलाके में भारी तनाव बना हुआ है और गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। परिवार के मुताबिक, बॉबी 25 मई की सुबह करीब 7:30 बजे घर से निकला था। उसने अपनी मां से कहा था कि वह थोड़ी देर में वापस लौट आएगा। दोपहर करीब 12 बजे उसने फोन कर भी बताया कि वह जल्द घर पहुंच रहा है, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

जब देर रात तक बॉबी घर नहीं लौटा और उसका फोन भी बंद मिला तो परिवार की चिंता बढ़ गई। अगले दिन जब परिजनों ने दोबारा फोन मिलाया तो फोन एक पुलिसकर्मी ने उठाया और बताया कि नन्हेड़ा गांव के खेतों में एक शव मिला है। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा, जहां बॉबी का शव खेतों में पड़ा मिला।

परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक के चेहरे और शरीर पर एसिड डाला गया था। परिवार ने छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। परिवार के अनुसार पहले भी आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया था, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया था। परिवार ने यह भी दावा किया कि बॉबी को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं और उस पर तीन बार हमला भी किया गया था। ऐसे में परिजन इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला मान रहे हैं।

घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लिया। 27 मई को परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। बाद में डीएसपी सतीश कुमार गौतम मौके पर पहुंचे और परिवार को समझाया, जिसके बाद मेडिकल बोर्ड द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया।

इंद्री के डीएसपी सतीश कुमार गौतम ने बताया कि मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया था और उसकी जानकारी परिवार को दे दी गई थी। अब परिवार की मांग पर शव को दोबारा जांच के लिए PGI चंडीगढ़ भेजा गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने की बात कह रही है।