गांव सोहासडा में 29 जुलाई को आयोजित होगा जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम
भिवानी, 28 जुलाई। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार लोहारू उपमंडल के गांव सोहासडा स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 29 जुलाई को जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित होगा। डीसी साहिल गुप्ता रात्रि ठहराव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। डीसी श्री गुप्ता रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
सीटीएम अनिल कुमार ने ये जानकारी देते हुए बताया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में लगभग 24 विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाई जाएंगी। कार्यक्रम में परिवार पहचान पत्र, आय सत्यापन, फसल बीमा, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, हैप्पी कार्ड, जनस्वास्थ्य, रेडक्रॉस, पीडब्ल्यूडी, पशुपालन, कृषि, उद्यान, मनरेगा, शिक्षा, आईटीआई, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य विभाग अपनी-अपनी स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि डीसी के आदेशानुसार सभी विभाग शाम को तीन बजे तक गांव के स्कूल में पहुंचकर अपनी-अपनी हेल्प डेस्क लगाना सुनिश्चित करें और ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दें। इस दौरान शिकायतकर्ताओं का पंजीकरण भी किया जाएगा, जिसके अनुसार एक-एक शिकायत को डीसी श्री गुप्ता सुनेंगे और उनके समाधान के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी निर्देश देंगे। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही स्वच्छता अभियान, खेल प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि भी आयोजित होंगे।