{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  सीजेएम ने 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश  

 

भिवानी, 21 जुलाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) भिवानी डॉ. गगनदीप कौर सिंह के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव डीएलएसए पवन कुमार ने 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एडीआर सेंटर के सभागार में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सीजेएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित लंबित तथा प्री-लिटिगेशन मामलों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटारे के लिए प्रस्तुत करें। साथ ही आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों के शीघ्र, सरल एवं सुलभ समाधान के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत विवादों के समाधान का सरल, सस्ता और प्रभावी माध्यम है। इसमें दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का निपटारा किया जाता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे आपसी सहमति से विवादों के समाधान के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।