{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 

मुख्यमंत्री ने भिवानी में चौ. बंसी लाल सिविल एरोड्रम पर 31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आधुनिक विमानन सुविधाओं का किया उद्घाटन

 
 भिवानी, 17 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को भिवानी स्थित चौ. बंसी लाल सिविल एरोड्रम पर लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन, सुरक्षा चौकी तथा कैंटीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद श्री धर्मबीर सिंह, भिवानी के विधायक श्री घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरों, खिलाड़ियों और संतों की धरती और 'छोटी काशी' के नाम से प्रसिद्ध भिवानी आज विकास के एक नए अध्याय की साक्षी बनी है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल भवनों का उद्घाटन नहीं, बल्कि हरियाणा में आधुनिक विमानन अवसंरचना के विस्तार और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र ने अभूतपूर्व प्रगति की है। ‘उड़ान’ योजना ने छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़कर आम नागरिक के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाया है। हरियाणा सरकार भी इसी सोच के अनुरूप प्रदेश में हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हरियाणा को उत्तर भारत के प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसी कड़ी में हिसार एयरपोर्ट का तेजी से विकास किया जा रहा है और वहां से दिल्ली, अयोध्या, चंडीगढ़ व जयपुर के लिए उड़ान सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। जल्द ही हिसार से जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी उड़ानें आरंभ की जाएंगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भिवानी में  चौ. बंसी लाल सिविल एरोड्रम पर विकसित की गई नई सुविधाएं विमानों के सुरक्षित संचालन, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा विमानन सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे युवाओं के लिए एविएशन सेक्टर में रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में निवेश आकर्षित करने, उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा आधुनिक आधारभूत ढांचे के निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है। मजबूत हवाई संपर्क किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास का आधार होता है और भिवानी हवाई अड्डे का सुदृढ़ीकरण पश्चिमी हरियाणा के विकास को नई गति प्रदान करेगा।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार नागरिक उड्डयन, सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी को एकीकृत रूप से विकसित कर रही है ताकि हरियाणा देश के सबसे तेज गति से विकसित होने वाले राज्यों में अपनी अग्रणी भूमिका बनाए रखे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भिवानी के सिविल एरोड्रम की ये नई सुविधाएं क्षेत्रीय विकास, निवेश, पर्यटन और रोजगार सृजन में मील का पत्थर साबित होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में पायलटों और डॉक्टरों की कमी है जिन्हें पूरा करने के लिए सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है। सरकार द्वारा हरियाणा के 17 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनाव से पहले हमने 217 संकल्प लिए थे जिनमें से 63 संकल्प डेढ़ साल के कार्यकाल में पूरे किए जा चुके हैं। हरियाणा में किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही हैं। इसी प्रकार हरियाणा में किडनी मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा निशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके तहत 2 लाख मरीजों को लाभ हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा की 1.80 लाख रुपये सालाना आय वाले परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसके तहत अब तक 15 लाख घरों को सिलेंडर उपलब्ध करवाए गए हैं जिन पर सरकार द्वारा 300 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसी प्रकार हरियाणा में एक लाख रुपये सालाना आमदनी वाले परिवारों की महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपए देने का वादा सरकार ने किया था जिसके लिए पिछले बजट में 5000 करोड रुपए का प्रावधान किया गया था। इस वर्ष इस योजना का दायरा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये तक सालाना आमदनी के परिवारों की बहन-बेटियों को भी इस योजना का लाभ के लिए बजट में 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

 बॉक्स

ट्रेनी पायलटों को किया सम्मानित:

 कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 200 घंटों की उड़ान पूरी करने वाले ट्रेनी पायलटों को बैज लगाकर सम्मानित किया और ट्रेनिंग पूरी करने पर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस एरोड्रम से 120 ट्रेनी पायलटों ने प्रशिक्षण पूरा किया है। 

बॉक्स

आधुनिक दो-सीटर जायरोकॉप्टर का भी प्रदर्शन किया

इस अवसर पर आधुनिक और लग्जरी श्रेणी के दो-सीटर जायरोकॉप्टर का भी प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं इस जायरोकॉप्टर में बैठकर देखा और इसकी तकनीक व सुविधाओं की जानकारी ली। यह जायरोकॉप्टर व्यक्तिगत हवाई यात्रा, एरियल टूरिज्म, निगरानी एवं सर्वेक्षण, फोटोग्राफी और वीडियो शूट तथा पायलट प्रशिक्षण जैसे कार्यों में काफी उपयोगी है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में देश का पहला जायरोकॉप्टर असेंबली एवं मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित होने जा रहा है, जो प्रदेश को एयरोस्पेस और रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। मुख्यमंत्री ने जायरोकॉप्टर का निरीक्षण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि उड़ान अब केवल विलासिता का साधन नहीं रहनी चाहिए, बल्कि आम नागरिक तक इसकी पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए।

इस अवसर पर जायरोकॉप्टर परियोजना से जुड़े कप्तान दीपांशु खत्री ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह आधुनिक जायरोकॉप्टर लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह दो सीटों वाला एयरक्राफ्ट है, जिसकी ईंधन क्षमता 120 लीटर है तथा इसकी अधिकतम गति लगभग 210 किलोमीटर प्रति घंटा है। एक बार फुल टैंक होने पर यह करीब 1,000 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है। उन्होंने बताया कि यह एयरक्राफ्ट अत्यंत सुरक्षित तकनीक से लैस है। यदि किसी कारणवश इंजन बंद भी हो जाए तो यह स्वत: ग्लाइडर की तरह सुरक्षित रूप से नीचे उतर सकता है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।  गुरुग्राम स्थित जाइरोक्स एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पोलैंड की विमानन कंपनी के सहयोग से स्थापित किए जाने वाले इस संयंत्र में जाइरोकॉप्टरों का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना हरियाणा को देश में जायरोकॉप्टर निर्माण का अग्रणी केंद्र बनाने के साथ-साथ रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी मजबूती प्रदान करेगी।

बॉक्स

बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री  आमजन से मिलकर उनकी समस्या का मौके पर ही समाधान करते हैं। उन्होंने कहा कि एरोड्रोम में विकसित की गई आधारभूत सुविधाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र का तेजी से विस्तार हो रहा है तथा आमजन को बेहतर हवाई सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।  

बॉक्स

नागरिक उड्डयन विभाग हरियाणा के महानिदेशक अंशज सिंह ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए चौधरी बंसीलाल एरोड्रोम में विकसित की गई नागरिक उड्डयन अवसंरचना संबंधी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सिविल एविएशन सुरक्षा चौकी तथा नए हैंगर सहित विभिन्न सुविधाओं के बारे में अवगत कराया और इनके लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नागरिक उड्डयन क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास युवाओं के लिए नए रोजगार के द्वार खोलेंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक हैंगर, प्रशिक्षण सुविधाएं एवं विमानन से जुड़ी अन्य परियोजनाएं प्रदेश में युवाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक,  हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर धुपड, चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिप्ती  धर्माणी, भाजपा जिला प्रभारी रेणू डाबला, हरियाणा महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना प्रमार, भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष संदीप श्योराण, उपायुक्त साहिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, उड्डïन विभाग के अतिरिक्त निदेशक मनीष कुमार लोहान, भिवानी एयरोड्रोम के आफिसर इंचार्ज दीपक भारद्वाज, एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश अनिल कुमार, डीएफओ राजेश वत्स के अलवा नगर पालिका बवानी खेड़ा के चेयरमैन सुंदर अत्री, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मुकेश गौड़ व नंद राम धानिया, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह, भाजपा ज़िला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।