Success Story: हरियाणा की जुड़वां बहनों ने कर दिखाया कमाल, एक साथ चयनित हुई असिस्टेंट प्रोफेसर
दोनों बहनों ने हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन में आयोजित असिस्टेंट परीक्षा में अपना स्थान काबिज किया है। इस परीक्षा में पुष्पा ने पहला और पूनम ने पांचवां स्थान हासिल किया है। 26 साल की दोनों बेटियों की इस उपलब्धि पर परिवार बेहद खुश है।
खास बात यह है कि दोनों बहनें नर्सरी से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक एक ही क्लास में पढ़ी हैं। अब PHD के लिए दोनों बहनों को अलग-अलग यूनिवर्सिटी में जाना पड़ा। तीन सेकेंड बड़ी पुष्पा कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से गाइड डॉ. महासिंह पूनिया और पूनम महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से डॉ. कृष्णा जून के अंडर PHD कर रही हैं।
खास बात यह भी है कि इनके भाई आशीष भी हमेशा पढ़ाई में अव्वल रहे हैं। उन्होंने 23 साल की उम्र में 15 नौकरियों के एग्जाम पास किए। वर्तमान में वे जम्मू में IFS अधिकारी हैं।
इनके पिता हंसराज खीचड़ शिक्षा विभाग में असिस्टेंट ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर के पद पर हिसार में कार्यरत हैं। हंसराज ने बताया कि उन्होंने जी तोड़ मेहनत कर बच्चों को पढ़ाया है। सरकारी नौकरी लगने से पहले उन्होंने LIC के बीमे भी किए हैं। उनके पिता का बचपन में ही देहांत हो गया था। ऐसे में यहां तक पहुंचने की राह बेहद कठिन रही है।