{"vars":{"id": "128336:4984"}}

  व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों को करियर एवं रोजगार योजनाओं की दी जानकारी :-

 

रोहतक, 28 जुलाई। उपायुक्त सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में मण्डल रोजगार कार्यालय द्वारा गत 20 से 24 जुलाई 2026 तक व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न राजकीय विद्यालयों में संगोष्ठियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को करियर चयन, कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
मंडल रोजगार अधिकारी सोनम गोयल ने बताया कि व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के कार्यक्रमों के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलियाना, खेड़ी साध, खरावड़, गांधरा, अटायल एवं चुलियाणा तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरावड़ एवं गांधरा में संगोष्ठियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में मोनिका सिंह एवं अभिमन्यु ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। मण्डल रोजगार कार्यालय के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे समय रहते अपने कौशल का विकास करें, रोजगार पोर्टलों पर पंजीकरण करवाएं तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाएं।
मुख्य वक्ताओं ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप ही करियर का चयन करना चाहिए। किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य का होना अत्यंत आवश्यक है। नियमित अभ्यास से व्यक्ति अपने चुने हुए क्षेत्र में दक्षता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सामान्य ज्ञान बढ़ाने तथा सफल एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्वों की जीवनी पढ़ने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि वे उनके जीवन से सीख लेकर अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकें।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं और कमियों का सही आकलन करने तथा कमियों को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों के माध्यम से संचालित विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 10वीं एवं 12वीं के बाद विद्यार्थी इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर स्वरोजगार अथवा निजी क्षेत्र में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
संगोष्ठियों के दौरान विद्यार्थियों को भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी योजनाओं, जैसे सक्षम युवा योजना, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना एवं प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा रोजगार विभाग की वेबसाइट एवं एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया और उसके लाभों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। रोजगार विभाग में पंजीकरण करवाने से वे प्रत्येक माह आयोजित होने वाले रोजगार मेलों में भाग लेकर निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उठा सकते हैं।