{"vars":{"id": "128336:4984"}}

समाधान शिविर व सीएम विंडो की लंबित शिकायतों पर सख्ती, 2 दिन में निपटारे के निर्देश

 
हिसार, 29 अप्रैल : लघु सचिवालय स्थित वीसी सभागार में बुधवार को समाधान शिविर, जन संवाद और सीएम विंडो पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगराधीश एवं जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र व सीनियर एचसीएस कमलेश कुमार भादू ने की।

अधिकारियों ने निर्देश दिए गए कि 60 से 90 दिन या उससे अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटारा किया जाए और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं शिकायतकर्ताओं से संपर्क करें तथा उन्हें सामने बैठाकर समस्याओं को समझाएं और समाधान के लिए ठोस कदम उठाएं। बैठक में सीएम विंडो की 21 तथा जन संवाद की 19 शिकायतों के शीघ्र निवारण के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सभी पेंडिंग मामलों को अगले 2 दिन के भीतर सुलझाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

अधिकारियों ने कहा कि किसी भी शिकायत के समाधान से पहले दोनों पक्षों को सुना जाए। समस्या के पूर्ण समाधान के बाद संबंधित विभाग अपने पोर्टल पर अपडेट अवश्य करें। इसके अलावा विभिन्न पहलुओं की गहन जांच कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।