राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई: गुरुग्राम में पटवारी ₹15,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
चंडीगढ़, 06 जुलाई। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहिम को जारी रखते हुए गुरुग्राम में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्का पटवारी राजेश मल्हान को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में ब्यूरो के गुरुग्राम थाने में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 23, दिनांक 06.07.2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
क्या था मामला-
शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी गई शिकायत में बताया कि उसका दोस्त अपनी पत्नी के नाम गांव शेरपुर स्थित भूमि की इंतकाल (Mutation) राजस्व रिकार्ड में दर्ज करवाना चाहते थे। इसके लिए संबंधित हल्का पटवारी राजेश मल्हान ने कार्य करने के एवज में ₹45,000 की अवैध रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता के अनुरोध पर आरोपी ने रिश्वत की राशि घटाकर ₹20,000 कर दी तथा उसमें से ₹5,000 बतौर पहली किस्त पहले ही ले लिए। इसके बाद आरोपी ने शेष ₹15,000 देने के लिए शिकायतकर्ता को बुलाया|राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। ट्रैप के दौरान आरोपी राजेश मल्हान को शिकायतकर्ता से ₹15,000 की शेष रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
अपील-
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 अथवा हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है तथा प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।