अंत्योदय मेले में 19 विभागों की 47 जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए लगाए गए स्टॉल :-उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 26 जुलाई। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (एमएमएपीयूवाई) 2.0 के अंतर्गत गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र के लगभग 3 हजार पात्र लाभार्थियों के लिए आज रविवार को जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में अंत्योदय मेले का आयोजन किया गया। मेले में 19 विभागों द्वारा संचालित 47 जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल स्थापित किए गए, जहां पात्र लाभार्थियों को उनकी रुचि, कौशल एवं पात्रता के अनुरूप स्वरोजगार तथा आयवर्धन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभ प्राप्त करने के लिए उनका पंजीकरण किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित सभी पात्र लाभार्थियों को घर-घर जाकर मेले में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। मेले में पहुंचे लाभार्थियों ने अपनी पात्रता एवं आवश्यकता के अनुसार विभिन्न योजनाओं का चयन किया तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया में भाग लिया। विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
बाक्स :-
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने किया मेले का निरीक्षण :-
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अंत्योदय मेले का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मेले में पहुंच रहे लाभार्थियों की संख्या, पंजीकरण की स्थिति तथा योजनाओं के लिए प्राप्त आवेदनों के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने लाभार्थियों से भी बातचीत कर योजनाओं से संबंधित उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में पहुंचने वाले प्रत्येक पात्र लाभार्थी को उसकी पात्रता एवं आवश्यकता के अनुरूप योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान किया जाए तथा पंजीकरण के बाद लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने की आगामी प्रक्रिया को भी शीघ्रता से पूरा किया जाए।
बॉक्स :-
सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध :-
अंत्योदय मेले में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई गई। लाभार्थियों की सुविधा के लिए अलग-अलग विभागों के स्टॉल स्थापित किए गए थे, जहां उन्होंने अपनी आवश्यकता के अनुसार योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और लाभ लेने के लिए आवेदन किया। मेले में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी/फैमिली आईडी) से संबंधित सेवाओं के लिए विशेष काउंटर भी स्थापित किए गए। इन काउंटरों पर नागरिकों को फैमिली आईडी से संबंधित जानकारी, सत्यापन तथा आवश्यक संशोधन की सुविधा प्रदान की गई। इस दौरान पात्र परिवारों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की आगामी प्रक्रिया शुरू की गई।
बॉक्स :-
अंत्योदय परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान पर सरकार का विशेष जोर :-
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अंत्योदय परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अंत्योदय मेले के माध्यम से पात्र परिवारों को स्वरोजगार, कौशल विकास एवं आयवर्धन से संबंधित योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाया जा रहा है, ताकि इन परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि योजना के तहत चिन्हित प्रत्येक पात्र परिवार तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
इस अवसर पर हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार, सांपला के तहसीलदार गुलाब सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।