विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान: हिसार और हांसी में 98.20 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित, 75.61 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा
हिसार, 10 जुलाई।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत हिसार जिले में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से जारी है। अतिरिक्त उपायुक्त एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शालिनी चेतल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर तक हिसार व हांसी जिले में कुल 13,70,766 मतदाताओं में से 13,46,066 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 98.20 प्रतिशत है। वहीं 10,36,432 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा किया जा चुका है, जो कुल मतदाताओं का 75.61 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और निर्धारित प्रपत्र भरवाने के साथ-साथ उन्हें डिजिटाइज भी किया जा रहा है। अभियान को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
नारनौंद विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 99.87 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि बरवाला में 99.77 प्रतिशत, नलवा में 98.88 प्रतिशत, आदमपुर में 98.52 प्रतिशत, उकलाना में 98.45 प्रतिशत, हांसी में 97.76 प्रतिशत तथा हिसार विधानसभा क्षेत्र में 93.89 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि डिजिटाइजेशन कार्य में भी तेजी लाई जा रही है। नारनौंद विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 84.07 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इसके अलावा आदमपुर में 79.71 प्रतिशत, बरवाला में 79.69 प्रतिशत, हांसी में 76.82 प्रतिशत, नलवा में 74.51 प्रतिशत, उकलाना में 73.41 प्रतिशत तथा हिसार विधानसभा क्षेत्र में 60.05 प्रतिशत प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
शालिनी चेतल ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर मतदाताओं के पते पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं होने अथवा निवास परिवर्तन के कारण बीएलओ को मतदाताओं तक पहुंचने में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सभी बीएलओ उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। यदि किसी मतदाता तक बीएलओ नहीं पहुंच पाए हैं या किसी पते के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं हो रही है, तो बीएलए स्थानीय स्तर पर सहयोग प्रदान करें ताकि गणना प्रपत्रों का संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ के घर पहुंचने पर आवश्यक सहयोग करें, गणना प्रपत्र समय पर भरकर उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक दस्तावेज भी साथ रखें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के सहयोग से ही मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन प्रतिदिन अभियान की समीक्षा कर रहा है और जिन क्षेत्रों में कार्य अपेक्षाकृत धीमा है, वहां अतिरिक्त टीमें लगाकर अभियान में और तेजी लाई जा रही है, इसके अलावा शनिवार और रविवार को बूथों पर भी कार्य ज़ारी रहेगा। मतदाता अपना फॉर्म बीएलओ को अवश्य उपलब्ध करवा दें ताकि उनका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में प्रकाशित हो सके।