{"vars":{"id": "128336:4984"}}

 एसआईआर-2026: 31 जुलाई को होगा मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन, नोटिस फेज की तैयारियां पूरी
​​​​​​​

 

हिसार, 29 जुलाई।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिले में मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन से पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र पाल के निर्देशानुसार 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके मद्देनजर बुधवार को लघु सचिवालय स्थित डीएसी हॉल में जिले के सभी सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को नोटिस फेज के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन ने प्रशिक्षण के दौरान बिना मैपिंग तथा लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी वाले मतदाताओं से संबंधित मामलों की सुनवाई प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रत्येक एईआरओ के लिए सुनवाई स्थल भी निर्धारित कर दिए गए हैं, ताकि नोटिस जारी होने के बाद मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद संबंधित मतदाताओं को बूथ लेवल अधिकारियों (क्चरुह्र) के माध्यम से नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे प्रकाशित मतदाता सूची में अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटिया विसंगति पाई जाती है तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि जिले की मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
 इस अवसर पर डीडीपीओ नरेंद्र, डीआरओ श्याम लाल, चुनाव तहसीलदार जगदीप मान व जिला शिक्षा अधिकारी राम रतन  सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।