हरियाणवी संगीत में शोक की लहर, मशहूर गायक पेप्सी शर्मा का निधन
चंडीगढ़: हरियाणवी लोकगायक और मशहूर रागनी कलाकार पेप्सी शर्मा का 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। परिवार के अनुसार उन्हें अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। पेप्सी शर्मा का वास्तविक नाम यशपाल शर्मा था। वे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के पटला गांव के निवासी थे, लेकिन अपनी रागनी और मंचीय प्रस्तुतियों के कारण हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में बेहद लोकप्रिय थे।
रागनी मंचों के चमकते सितारे थे पेप्सी शर्मा
पेप्सी शर्मा हरियाणा में आयोजित होने वाली रागनी प्रतियोगिताओं और विशेष रूप से गौशालाओं में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की पहचान बन चुके थे। अपनी गायकी के साथ-साथ हास्य शैली और बेहतरीन मंच संचालन के लिए भी वे दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
सपना चौधरी के साथ कई यादगार प्रस्तुतियां
उन्होंने कई बार मशहूर हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी के साथ मंच साझा किया। दोनों की "नागिन डांस" प्रस्तुति खास तौर पर काफी चर्चित रही थी। इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 6 करोड़ से अधिक बार देखा गया था।
परिवार और प्रशंसकों में शोक
पेप्सी शर्मा अपने पीछे 10 वर्षीय बेटी और 7 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से हरियाणवी संगीत और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। कलाकारों, प्रशंसकों और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।