हिसार सिविल अस्पताल में शर्मनाक लापरवाही, मोर्चरी में महिला के शव को कुतर गए चूहे
हिसार: हरियाणा के हिसार सिविल अस्पताल से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मोर्चरी में रखे एक महिला के शव को कथित तौर पर चूहों ने कुतर दिया। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजनों ने शव पर गहरे निशान और त्वचा क्षतिग्रस्त देखी। इसके बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान 25 वर्षीय कोमल के रूप में हुई है, जिसकी प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की मोर्चरी में रखे शव को चूहों ने नुकसान पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, कोमल को प्रसव के लिए हांसी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को उसका सी-सेक्शन ऑपरेशन हुआ। ऑपरेशन के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हिसार सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। कोमल के भाई ने बताया कि हांसी से हिसार लाते समय रास्ते में ही उसकी तबीयत और खराब हो गई और उसने दम तोड़ दिया। हिसार सिविल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पोस्टमार्टम से पहले सामने आई हैरान करने वाली तस्वीर
रविवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने मोर्चरी में डीप फ्रीजर के आसपास कई चूहों को घूमते देखा। आरोप है कि जब कोमल का शव बाहर निकाला गया तो उसके माथे पर गहरा कट जैसा निशान था और उस हिस्से की त्वचा कुतरी हुई दिखाई दे रही थी। परिजनों का कहना है कि मौत से पहले कोमल के शरीर पर ऐसा कोई घाव नहीं था। मोर्चरी में चूहों की मौजूदगी और शव पर मिले निशानों को देखकर उन्हें संदेह है कि चूहों ने शव को नुकसान पहुंचाया है।
अस्पताल प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया है। हिसार की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) Sapna Gahlaut ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। सीएमओ ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और मोर्चरी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।