मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गंभीरता से कार्य करें ड्यूटी मे लगे कर्मचारी, अन्यथा होगी कार्यवाही
हिसार, 01 जुलाई।
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत अभी तक जिले में 27 प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्म डिजिटाइज हो चुके है। बुधवार को डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को गंभीरता से कार्य करने की हिदायत दी उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वाले बीएलओ के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। डिजिटाइजेशन कार्य 14 जुलाई तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उपायुक्त ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन एवं शुद्ध बनाते हुए सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में सुनिश्चित करना है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बन सके। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन कर रहें है। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। ऐसे में सभी मतदाताओं को चाहिए कि वे बीएलओ के साथ सहयोग करते हुए अपने निर्वाचन संबंधी विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा ईसीआईनेट ऐप उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से नागरिक ई-ईपीआईसी डाउनलोड करने, मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने तथा अन्य निर्वाचन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा मतदाता ऐप के जरिए बीएलओ से संपर्क स्थापित कर मार्गदर्शन एवं सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं। उपायुक्त ने मतदाता सूची को और अधिक सटीक बनाने के लिए सभी नागरिक अपना नवीनतम फोटो उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। घर-घर सत्यापन का कार्य 14 जुलाई तक चलेगा। 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 18 सितंबर तक उनका निपटान किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त सी जयाश्रद्घा, अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम हिसार ज्योति मित्तल, एसडीएम बरवाला अश्वीर नैन, नगराधीश रोहित कुमार, डीआरओ श्याम लाल, निर्वाचन तहसीलदार जगदीप, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।