{"vars":{"id": "128336:4984"}}

नीट (यूजी) परीक्षा-2026 के मद्देनजर धारा 163 लागू :- जिलाधीश सचिन गुप्ता

हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग ने सांपला नगर पालिका सामान्य चुनाव के लिए एडीसी नरेंद्र कुमार को नियुक्त किया गया सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक :- उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता
 

रोहतक, 22 अप्रैल : जिलाधीश सचिन गुप्ता ने राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी द्वारा 3 मई को आयोजित करवाई जा रही नीट (यूजी) परीक्षा 2026 के पारदर्शी व शांतिपूर्वक आयोजन के दृष्टिगत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू करने के आदेश जारी किये है।

जिलाधीश सचिन गुप्ता द्वारा जारी आदेश के तहत नीट (यूजी) परीक्षा 2026 के लिए जिला में स्थापित किये गए परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा परीक्षा केंद्रों की परिधि में हथियार जैसे आग्नेयास्त्र, तलवार, गंडासा, लाठी, बरछा, कुल्हाड़ी, चाकू व अन्य हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा परीक्षा के दौरान 3 मई को दोपहर बाद 2 से 5 बजे तक परीक्षा केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में स्थित सभी फोटोस्टेट/जेरॉक्स की दुकानें, डुप्लीकेटिंग सुविधाएं, साइबर कैफे एवं संबंधित दुकानें बंद रहेंगी।

जिलाधीश द्वारा जारी आदेश के तहत स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश पुलिस व अन्य ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 तथा अन्य संबंधित अधिनियमों व नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग ने सांपला नगर पालिका सामान्य चुनाव के लिए एडीसी नरेंद्र कुमार को नियुक्त किया गया सामान्य चुनाव पर्यवेक्षक :- उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता

- यमुनानगर के एडीसी के स्थान पर किया गया है नियुक्त

- नामांकन पत्र दाखिल करने के दूसरे दिन पार्षद पद के लिए 3 प्रत्याशियों ने दाखिल किये नामांकन पत्र, प्रधान पद के लिए कोई नामांकन पत्र नहीं दाखिल किया गया

रोहतक, 22 अप्रैल : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सांपला नगर पालिका के आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के उद्देश्य से सामान्य, पुलिस एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।

सचिन गुप्ता ने हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा रोहतक के अतिरिक्त उपायुक्त सह जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी नरेंद्र कुमार को यमुनानगर के एडीसी नवीन कुमार आहूजा के स्थान पर सामान्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। सामान्य पर्यवेक्षक, पुलिस पर्यवेक्षक तथा चुनाव पर्यवेक्षक 24 अप्रैल से स्थानीय सर्किट हाउस में आमजन एवं राजनीतिक पार्टियों के लिए मौजूद रहेंगे।

नामांकन पत्र दाखिल करने के दूसरे दिन पार्षद पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने दाखिल किये नामांकन पत्र :-

सांपला नगर पालिका के सामान्य चुनाव 2026 के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने के दूसरे दिन प्रधान पद के लिए कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ तथा पार्षद पदों के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किये। वार्ड संख्या 7 के लिए पिंकी रानी पत्नी विजयंत, वार्ड नंबर 9 के लिए जॉनी पुत्र रामकुमार तथा वार्ड संख्या 16 के लिए तेजेंद्र पुत्र राजसिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किये।

प्रधान पद के लिए रिटर्निंग अधिकारी एवं सांपला उपमंडलाधीश के न्यायालय में नामांकन पत्र दाखिल किये जा रहे है तथा वार्ड सदस्यों के लिए तहसीलदार न्यायालय में नामांकन पत्र स्वीकार किये जा रहे है। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत 25 अप्रैल सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करवाये जा सकेंगे।