एसडीएम मोहित कुमार ने किया अनाजमंडी का निरीक्षण, फसल खरीद प्रक्रिया की ली जानकारी
Apr 8, 2026, 23:21 IST
कालांवाली, 08 अप्रैल: एसडीएम मोहित कुमार ने बुधवार को कालांवाली अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में चल रही गेहूं खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली और किसानों व आढ़तियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी प्रकार की तकनीकी देरी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी की सीमा में प्रवेश करने वाले प्रत्येक किसान को बिना किसी देरी के गेट पास उपलब्ध कराया जाए। जैसे ही गेहूं की खरीद पूरी हो, उसका उठान सुनिश्चित किया जाए ताकि मंडी में जगह की कमी न हो और आने वाले अन्य किसानों को परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि मंडी परिसर में पेयजल, छाया और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम रहें। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान को खरीद प्रक्रिया या भुगतान से संबंधित कोई समस्या आती है, तो उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।