एसडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एसआईआर की समीक्षा बैठक की
भिवानी, 03 जुलाई। लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में भिवानी विधानसभा क्षेत्र के पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम महेश कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एसआईआर को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम महेश कुमार ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर बीएलए-2 की नियुक्ति करें। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 की नियुक्ति से बूथ लेवल अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग मिलेगा और पात्र मतदाताओं के नाम जोडऩे, संशोधन सहित अन्य कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप एसआईआर अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
महेश कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं द्वारा सत्यापन फार्म एकत्रित किये जायेंगे, इसके साथ ही 14 जुलाई तक ही मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जबकि दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक दावों एवं आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। भिवानी विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में बीजेपी पार्टी से प्रतिनिधि दिनेश वर्मा, कांग्रेस से शिव कुमार, सीपीआईएम से कामरेड ओमप्रकाश, जेजेपी पार्टी से प्रतिनिधि अवतार सिंह, डॉ. राकेश रोहिल्ला, कानूनगो रामफल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।