उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक आयोजित
हिसार, 03 जुलाई।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए तथा किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उपायुक्त महेंद्र पाल शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव तथा अग्निशमन सेवाएं के महानिदेशक शेखर विद्यार्थी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान प्रकोष्ठ की वीसी उपरांत संबंधित अधिकारियों की बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर के माध्यम से जिले में अभी तक कुल 6376 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 4200 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि 354 शिकायतें लंबित हैं।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर के माध्यम से प्राप्त लंबित शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाई जाए तथा प्रत्येक मामले में गंभीरता के साथ ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी से बचें। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। बैठक में एसीयूटी विवेक यादव, एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप हुड्डा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।