मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्री हजूर साहिब नांदेड़ की नि:शुल्क यात्रा हेतु पंजीकरण की अंतिम तिथि 13 मई तक
झज्जर, 11 मई। हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत तख्त तख्त श्री हजूर साहिब के लिए दूसरी विशेष ट्रेन 15 मई को सिरसा से संचालित की जाएगी। इस विशेष ट्रेन को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के विभिन्न जिलों से जाने वाली संगत के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री हजूर साहिब नांदेड़ की नि:शुल्क यात्रा के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 13 मई निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, जिनकी पारिवारिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम है, इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। पात्र नागरिक सरल हरियाणा पोर्टल के माध्यम से 13 मई तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति अपने नजदीकी सीएससी सेंटर के माध्यम से अथवा स्वयं अपने स्मार्ट फोन से घर बैठे सरल हरियाणा पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।
योजना का लाभ उठाने के लिए यह होगी पात्रता
डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आवेदन करने के लिए आवेदक का हरियाणा निवासी होना तथा परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। इसके साथ वैध फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड अथवा अन्य सरकारी पहचान पत्र आवश्यक होंगे। आवेदक को शारीरिक रूप से यात्रा के लिए स्वयं को फिट घोषित करना होगा तथा यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उसने पिछले तीन वर्षों में इस योजना का लाभ न लिया हो।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत यात्रियों के ठहरने, भोजन एवं स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। वरिष्ठ नागरिक अपने साथ एक सहायक को पूर्ण भुगतान के आधार पर ले जा सकते हैं। वहीं 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग अथवा 1.80 लाख रुपये से अधिक आय वाले व्यक्ति भी पूर्ण भुगतान पर इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं। योजना पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर संचालित की जा रही है।
पंजीकरण के बाद डीआईपीआरओ कार्यालय में सूचना देना अनिवार्य
उपायुक्त ने बताया कि आवेदन करने के उपरांत आवेदक को लघु सचिवालय, झज्जर स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय में अपनी सूचना अवश्य देनी होगी, ताकि पात्र व्यक्तियों की सूची समय पर रेलवे विभाग को भेजी जा सके। उन्होंने कहा कि सभी पंजीकृत व्यक्ति 13 मई तक डीआईपीआरओ कार्यालय में अपनी सूचना अवश्य उपलब्ध करवाएं, ताकि आगामी आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी की जा सके।