जनहित सर्वोपरि, प्रत्येक पात्र नागरिक की समस्या का प्राथमिकता से होगा समाधान :- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 20 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिला तथा उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने समाधान शिविरों के सुचारू संचालन एवं प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सचिन गुप्ता ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर सुनवाई कर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया अथवा अन्य स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ता को भी प्रगति से अवगत कराया जाए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविरों में निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनें तथा उनके समाधान के लिए समन्वित एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी प्रशासन उपलब्ध कराना है और समाधान शिविर इस दिशा में एक प्रभावी पहल है।
बॉक्स :-
जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर आयोजित किये गए समाधान शिविर :-
सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों सांपला एवं महम में समाधान शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनी गई। जिला मुख्यालय पर स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में डीएसपी दलीप सिंह व जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल सहित अन्य अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने समस्याएं सुनने के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध उचित निपटारा करें। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों के अलावा भाजपा के प्रतिनिधि डॉ. अशोक रंगा व सतीश चौधरी मौजूद रहे।