अधिकारी समाधान शिविरों की शिकायतों का समयबद्ध करें उचित निपटारा- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 22 जून : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा करें। समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के स्थाई समाधान के लिए संबंधित नागरिक से संवाद कर विभागीय कार्रवाई से संतुष्ट करें।
सचिन गुप्ता ने कहा है कि अधिकारी समाधान शिविर में प्राप्त हो रही नागरिकों की समस्याओं व शिकायतों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध निपटाए। अधिकारी इन शिकायतों का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद अवश्य करें तथा उन्हें विभागीय कार्रवाई की जानकारी देकर संतुष्ट करें ताकि इन शिकायतों का स्थाई समाधान किया जा सके। अधिकारी इन शिविरों की किसी भी समस्या व शिकायत को लम्बित न रखें, बल्कि समयबद्ध उचित निपटारा करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार के निर्देशानुसार सभी विभागों से संबंधित समस्याओं/शिकायतों के एक छत के नीचे तुरंत समाधान के उद्देश्य से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। समाधान शिविरों का आयोजन प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर किया जा रहा है। इन शिविरों में संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहकर प्राप्त होने वाली शिकायत के निपटारे की आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
सचिन गुप्ता ने कहा है कि नागरिक अपनी समस्याओं को साधारण कागज पर लिखकर लाएं। जिला प्रशासन द्वारा साधारण कागज पर लिखी शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों को अपनी समस्याओं व शिकायतों को कम्प्यूटर पर टाईप करवाकर लाने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा पढ़ने-लिखने में असमर्थ व्यक्तियों की मदद के लिए समाधान शिविर में एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। नागरिकों का फीडबैक लेने के लिए कॉलिंग सैल भी स्थापित की गई है।
बॉक्स
जिला मुख्यालय व उपमंडल मुख्यालयों सांपला व महम में भी आयोजित किए गए समाधान शिविर
उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों सांपला व महम में समाधान शिविर आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय पर स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मंजीत कुमार तथा नगराधीश शुभम ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों के यथाशीघ्र उचित निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के अलावा भाजपा की प्रतिनिधियों में सांपला मार्किट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक, डॉ. अंकुश बिड्डïू, डॉ. अशोक रंगा उपस्थित रहे।
सांपला उपमंडल में उपमंडलाधीश अंकिता पुवार तथा महम उपमंडल मेंं उपमंडलाधीश विपिन कुमार की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं गई। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन शिकायतों के निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का सरकार द्वारा निर्धारित अवधि के दौरान उचित निपटारा किया जाए ताकि नागरिकों को समस्याओं से राहत मिले।