हरियाणा में आंधी-बारिश का डबल अटैक, 11 जिलों में ''ऑरेंज अलर्ट''... 60 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बीते दिन सबसे अधिक तापमान रोहतक में 41.3 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकतर जिलों में 2.1 से 5.4 डिग्री तक तापमान गिरा है। हालांकि आंधी ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। हिसार और सिरसा में रात को कई घंटे बत्ती गुल रही।
मौसम विभाग के अनुसार, आज 11 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूह में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा कैथल, जींद, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक का अनुमान है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के 3 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। रोहतक में सबसे ज्यादा पारा 41.3°C दर्ज किया गया। फरीदाबाद में 41.0°C और नारनौल में 40.0°C दर्ज किया गया।