*स्कूल बसों के विशेष जांच अभियान के दूसरे दिन 127 बसों की जांच, 13 के किए गए चालान*
गुरुग्राम, 7 जुलाई। हरियाणा मानवाधिकार आयोग के निर्देशों तथा डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की सुरक्षित स्कूल आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्कूल बसों के विशेष संयुक्त जांच अभियान के दूसरे दिन जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित 127 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। संयुक्त टीम ने बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों, आवश्यक दस्तावेजों एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के प्रावधानों की गहन जांच की।
एडीटीओ एवं सहायक सचिव आरटीए हरेंद्र वीर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 13 स्कूल बसों के चालान किए गए। उन्होंने कहा कि अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा और सभी स्कूल बसों की चरणबद्ध जांच कर सुरक्षा मानकों की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन स्कूल बसों में किसी प्रकार की कमी या नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।