{"vars":{"id": "128336:4984"}}

    विश्व जनसंख्या दिवस पर गांव गुजरानी में ग्रामीणों को किया परिवार नियोजन के प्रति जागरूक

 

भिवानी, 13 जुलाई। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर गांव गुजरानी में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जनसंख्या नियंत्रण, छोटे परिवार के महत्व, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को बढ़ती जनसंख्या के प्रतिकुल प्रभाव, सीमित संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा स्वस्थ एवं समृद्ध परिवार की अवधारणा से अवगत करवाया।  
महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर अंजना के नेतृत्व में एएनएम वंदना एवं संतोष, आशा वर्करों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा हेल्परों ने महिलाओं को परिवार नियोजन के आधुनिक साधनों, संस्थागत प्रसव, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों के संपूर्ण टीकाकरण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं ग्रामीणों को बताया कि बढ़ती जनसंख्या आज वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। सीमित संसाधनों और बढ़ती आवश्यकताओं के बीच संतुलन तभी संभव है, जब प्रत्येक परिवार परिवार नियोजन को अपनाते हुए छोटे एवं स्वस्थ परिवार की अवधारणा को स्वीकार करे।
वहीं इस दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने घर-घर जाकर महिलाओं को संतुलित पोषण, गर्भवती एवं धात्री माताओं की देखभाल तथा छोटे परिवार से परिवार के स्वास्थ्य, शिक्षा, आर्थिक स्थिति एवं जीवन स्तर में होने वाले सकारात्मक बदलावों के बारे में जागरूक किया। ग्रामीणों को संदेश दिया कि स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए जनसंख्या स्थिरीकरण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।